Bihar News: मुंगेर के ऐतिहासिक कष्टहरणी घाट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जहां दलदल में 24 घंटे से अधिक समय तक फंसे एक बुजुर्ग को गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सोमवार से दलदल में फंसे वृद्ध की मंगलवार की सुबह जानकारी मिलने पर गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। समय रहते उन्हें बाहर निकालकर एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दरअसल, मुंगेर के ऐतिहासिक कष्टहरणी घाट पर सोमवार से दलदल में फंसे एक बुजुर्ग की जान पर आफत आ गई थी। बताया जा रहा है कि वृद्ध 24 घंटे से अधिक समय तक दलदल में फंसे रहे। मंगलवार की सुबह इसकी जानकारी मिलते ही गोताखोर एवं आपदा मित्र विशाल कुमार और सौरव कुमार मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद दोनों गोताखोरों ने बुजुर्ग को दलदल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए वृद्ध की पहचान दिलीप वर्मा के रूप में हुई है, जो लखीसराय के निवासी बताए जा रहे हैं। लंबे समय तक दलदल में फंसे रहने के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक हो गई थी।
इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया।वृद्ध के दलदल में फंसे होने की खबर मिलते ही घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, सुरक्षित रेस्क्यू के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने गोताखोर विशाल कुमार और सौरव कुमार की तत्परता और साहस की सराहना की।
इस घटना ने एक बार फिर कष्टहरणी घाट पर मौजूद दलदल और असुरक्षित स्थानों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। जरूरत है कि घाट पर खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर वहां लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।