MUNGER: मुंगेर में छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और गंगा घाटों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने नाव से गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और खतरनाक घाटों की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने और खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।
छठ महापर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मुंगेर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने अधिकारियों की टीम के साथ नाव से गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बबुआ घाट, जेल घाट, कष्टहरणी घाट, जहाज घाट, सोझी घाट, बेलवा घाट और दोमंठा घाट सहित अन्य घाटों की स्थिति का जायजा लिया। घाटों पर फैली गंदगी को देखते हुए उन्होंने तत्काल सफाई कराने और नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं, खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने और श्रद्धालुओं के आवागमन पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। इसके साथ ही सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया।
इस निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता सुमन कुमार साह, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, महापौर कुमकुम देवी, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन ने छठव्रतियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य अर्पित करें और प्रशासन द्वारा चिह्नित खतरनाक घाटों पर जाने से बचें, ताकि छठ महापर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट