Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले में अपराधियों ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टीकारामपुर दियारा में देर रात फसल की रखवाली कर रहे एक किसान की उसकी पत्नी के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान टीकारामपुर भीम टोला निवासी 30 वर्षीय मंसूरी यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंसूरी यादव सोमवार रात अपनी पत्नी सुनैना देवी के साथ खेत में लगी मकई की फसल की रखवाली करने गए थे। दोनों खेत में बने मचान के पास सो रहे थे, तभी आधी रात के बाद हथियारबंद अपराधी वहां पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सो रहे मंसूरी यादव को अचानक दबोच लिया और उनकी कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पूरी वारदात उनकी पत्नी की आंखों के सामने हुई।
पति को खून से लथपथ देख सुनैना देवी चीखने-चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद ग्रामीण और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। रातभर इलाके में भय और तनाव का माहौल बना रहा। मृतक के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की भी कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश, जमीन विवाद और पुरानी दुश्मनी समेत कई बिंदुओं को खंगाला जा रहा है। परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दियारा क्षेत्र में पहले भी कई बार हत्या और खूनी संघर्ष की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा भी पुलिस ने किया है।