MUNGER: मुंगेर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा में पुलिस ने सिगरेट के खाली डिब्बों के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग ब्रांडों के करीब 22 हजार 500 खाली डिब्बे, 1,600 आउटर, 12 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आखिर इतनी बड़ी संख्या में सिगरेट के खाली डिब्बे क्यों जमा किए जा रहे थे? पुलिस इसकी जांच कर रही है।
दरअसल, मुंगेर के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा में पुलिस ने छापेमारी कर सिगरेट के खाली डिब्बों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बरामद डिब्बों में गोल्ड फ्लेक, कैप्टन चांस और फ्लेक समेत चार ब्रांडों के करीब 22 हजार 500 खाली डिब्बे शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 1,600 आउटर, 12 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संख्या में खाली डिब्बे कहां से लाए जा रहे थे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
पुलिस के मुताबिक, सिगरेट का निर्माण कहीं और किया जाता है। खाली डिब्बे कथित तौर पर दुकानदारों से एक रुपये प्रति डिब्बे की दर से खरीदे जाते थे। इन डिब्बों की सफाई भी दूसरे स्थान पर की जाती थी। हालांकि, इस पूरे मामले में गिरफ्तार आरोपितों की भूमिका क्या थी और इस कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच जारी है।
वहीं, गिरफ्तार आरोपित ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उसका दावा है कि वह बड़ी दुर्गा मेले में खिलौने बेच रहा था। इसी दौरान उसके एक दोस्त ने उसे बुलाया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित का कहना है कि उसका सिगरेट के खाली डिब्बों के कारोबार से कोई लेना-देना नहीं है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इन खाली डिब्बों को जमा करने के पीछे क्या मकसद था और इस मामले में अन्य लोगों की भी कोई भूमिका है या नहीं।