Bihar Road Accident: मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु पर शुक्रवार की सुबह बरात से लौट रही बस और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार नौ यात्री घायल हो गए. मृतक के पिता भी हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. दुर्घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. जाम के कारण श्रीकृष्ण सेतु से तेलिया तालाब तक करीब सात किलोमीटर तक गाड़ियों की लाइन लग गई.
मृतक की पहचान वैशाली जिले के करताहा थाना क्षेत्र के गुरामिहा निवासी आकाश कुमार (35) के रूप में हुई है. वह अपने पिता अमरेंद्र कुमार के साथ कार से भागलपुर जा रहे थे. कार आकाश खुद चला रहे थे. इसी दौरान श्रीकृष्ण सेतु पर सामने से आ रही बरातियों से भरी बस के साथ उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पिता-पुत्र फंस गए.
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत कर दोनों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने आकाश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पिता अमरेंद्र कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है.
बरात से लौट रही बस में मची चीख-पुकार
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि खगड़िया जिले के विशनपुर गांव के कालीचरण चौधरी के परिवार में शादी समारोह था. सभी लोग सिंघिया से बरात में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे. सुबह का समय होने के कारण बस में सवार अधिकतर यात्री सो रहे थे. इसी दौरान श्रीकृष्ण सेतु पर सामने से आ रही कार से बस की टक्कर हो गई.
अचानक हुए हादसे से बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. कई यात्री अपनी सीटों से गिरकर घायल हो गए. बस में सवार खगड़िया जिले के विशनपुर गांव निवासी मनीष कुमार, कारी नाव और मिथुन कुमार समेत अन्य लोगों ने हादसे की जानकारी दी.
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और यातायात पुलिस के दारोगा तारकेश्वर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. शादी समारोह से लौट रहे परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं.
सात किलोमीटर तक वाहनों की लगी कतार
बस और कार की टक्कर के बाद श्रीकृष्ण सेतु पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. पुल पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. श्रीकृष्ण सेतु से तेलिया तालाब तक करीब सात किलोमीटर तक गाड़ियां फंसी रहीं. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को सड़क से हटवा दिया है. इसके बाद आवागमन सामान्य कराने की कोशिश की जा रही है.