MUNGER: मुंगेर जिले में चोरों ने अब भगवान के घर को भी नहीं बख्शा है, वे अब मंदिर को भी निशाना बनाना शुरू कर दिए है। ताजा मामला मुंगेर के धरहरा प्रखंड के ईटवा गांव में खेतों के बीच स्थित प्रसिद्ध बूढ़ा भोलानाथ महादेव मंदिर का है, जहां अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।
चोरों ने मंदिर में स्थापित तीनों शिवलिंगों पर लगे कलश, शेषनाग और त्रिशूल समेत पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्रियों की चोरी कर ली। एक ही रात में मंदिर से इतनी सारी पूजन सामग्रियों के गायब होने से स्थानीय श्रद्धालुओं में नाराजगी और निराशा है। वहीं, धार्मिक स्थल को निशाना बनाए जाने के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
दरअसल, पूरा मामला मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड अंतर्गत ईटवा गांव का है, जहां खेतों के बीच स्थित बूढ़ा भोलानाथ महादेव मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया जाता है कि इस मंदिर में एक साथ भगवान शिव के तीन शिवलिंग स्थापित हैं। तीनों शिवलिंगों पर श्रद्धालुओं की ओर से कलश, शेषनाग और त्रिशूल लगाए गए थे।
लेकिन चोरों ने मंदिर की धार्मिक सामग्रियों को अपना निशाना बनाते हुए इन सभी सामानों को चोरी कर लिया। सुबह जब श्रद्धालु और पुजारी मंदिर पहुंचे तो वहां से पूजा की कई सामग्रियां गायब थीं। इसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ। चोरों ने तीन कलश, तीन शेषनाग, तीन त्रिशूल के अलावा पूजा में इस्तेमाल होने वाला लोटा, प्लेट और अन्य जरूरी सामान भी चुरा लिया।
मंदिर के पुजारी रबीश मिश्रा ने बताया कि चोरों ने मंदिर में रखी करीब 20 हजार रुपये मूल्य की पूजा सामग्री की चोरी की है। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र धार्मिक स्थल को निशाना बनाना बेहद चिंताजनक है।
स्थानीय श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और चोरी गए सामानों की जल्द बरामदगी की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और मंदिर में चोरी करने वाले अज्ञात चोरों तक कब पहुंच पाती है।