MUNGER: मुंगेर में बड़ी देवी महारानी का पट खुलते ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
हालात ऐसे हैं कि माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर सड़कों तक करीब एक से डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार लगी हुई है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मुंगेर की ऐतिहासिक बड़ी देवी महारानी के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। मां के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया है। दूर-दराज से पहुंचे भक्त घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मुंगेर सदर डीएसपी अभिषेक आनंद ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रखी है। वे मंदिर परिसर में व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर परिसर तक बैरिकेडिंग की गई है। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए एक बार में सीमित संख्या में ही भक्तों को मंदिर के अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई है, ताकि भीड़ के बीच धक्का-मुक्की, अव्यवस्था और चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
आस्था के इस महासंगम के बीच जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। भक्तों को उम्मीद है कि मां बड़ी देवी महारानी के दर्शन सुगम तरीके से होंगे और पूजा का यह पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा।