Bihar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट करना मुंगेर के RJD के महानगर अध्यक्ष जुनैद मकबूर को भारी पड़ गया। कासिम बाजार थाना पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक डिजिटल जांच के बाद जुनैद मकबूर को बेलन बाजार स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पोस्ट के लिए इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है।



दरअसल, मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के दौरान किए गए फेसबुक पोस्ट से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाला पोस्ट साझा किया गया था। पोस्ट सामने आने के बाद मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद कासिम बाजार थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। 



पुलिस के मुताबिक, मामले में डिजिटल साक्ष्यों की प्रारंभिक जांच की गई और इसके बाद RJD महानगर अध्यक्ष जुनैद मकबूर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने संबंधित मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कथित आपत्तिजनक सामग्री का मूल स्रोत क्या है और इसे आगे किस तरह प्रसारित किया गया। 



वहीं, भाजपा अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य राजेश जैन ने बताया कि कुछ लोगों ने फेसबुक के पोस्ट उन्हें भेजे थे। इसके बाद उन्होंने पोस्ट को एसपी सैयद इमरान मसूद के संज्ञान में दिया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की और गिरफ्तारी की। राजेश जैन ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। 



उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है और इस मामले में पुलिस की कार्रवाई उचित प्रक्रिया के तहत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है। गिरफ्तारी के बाद मुंगेर में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान, मुंगेर