MADHUBANI: मधुबनी के बाबूबरही में पुलिस की फायरिंग के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। हालात का जायजा लेने और आक्रोशित लोगों को समझाने पहुंचे डीएम आनंद शर्मा को भी विरोध का सामना करना पड़ा। खोजपुर में सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने डीएम के साथ बदसलूकी की और उनका कॉलर पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।


दरअसल, बाबूबरही में बीती देर रात पुलिस पिकेट पर तैनात एएसआई चंद्रमोहन सिंह ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस गोलीबारी में चार लोगों को गोली लगी, जिनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।


घटना के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल है। आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।


स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को समझाने के लिए डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान प्रदर्शन कर रही महिलाएं डीएम के सामने आ गईं। देखते ही देखते बहस तेज हो गई और कुछ महिलाओं ने डीएम का कॉलर पकड़ लिया। सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला।


घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। ग्रामीण आरोपी एएसआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।

REPORT- KUMAR GAURAV