Bihar Crime News: मधुबनी के फुलपरास थाना क्षेत्र के कोनार गांव में कृष्णाष्टमी की रात पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. मृतका की पहचान 37 वर्षीय प्रमिला देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पति पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया.
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात प्रमिला देवी अपने घर के पास कुछ महिलाओं के साथ बातचीत कर रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर उसके पति पप्पू यादव की उससे कहासुनी हो गई. ग्रामीणों के अनुसार, पत्नी को महिलाओं से बातचीत करते देख पति नाराज था.
ग्रामीणों के मुताबिक, प्रमिला देवी महिलाओं से बातचीत करने के बाद घर पहुंची थी. कुछ देर बाद पप्पू यादव भी घर पहुंचा. दोनों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान पप्पू यादव ने टेंगारी से पत्नी पर हमला कर दिया.
हमले में प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गई. चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
स्थानीय लोगों के अनुसार, पप्पू यादव और प्रमिला देवी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. प्रमिला देवी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी. उसके तीन बच्चे हैं. परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए वह मजदूरी करती थी. उसका बड़ा बेटा प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है.
घटना की सूचना मिलने के बाद फुलपरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, आरोपित पति पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया.
फुलपरास थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के पीछे के कारणों और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है.