Bihar Train News : बिहार के मधुबनी जिले में गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। जयनगर से पटना जा रही ट्रेन संख्या 15549 इंटरसिटी एक्सप्रेस खजौली स्टेशन के पास अचानक उस समय रुक गई, जब एक बाइक चालक तेजी से रेलवे ट्रैक पार करने लगा। चालक की लापरवाही से ट्रेन और बाइक के बीच कुछ ही सेकेंड का फासला रह गया, लेकिन लोको पायलट की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।


घटना खजौली थाना क्षेत्र के रेलवे गुमटी संख्या-22 के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, छोटी राही गांव का एक युवक अपनी बाइक से बड़ी राही गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश की। उसी समय जयनगर से पटना की ओर तेज रफ्तार में इंटरसिटी एक्सप्रेस आ रही थी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चालक ने ट्रेन को आते देख घबराहट में बाइक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक ट्रेन काफी नजदीक पहुंच चुकी थी। लोको पायलट सुशील कुमार और सहायक चालक दिपेश कुमार की नजर जैसे ही ट्रैक पर बाइक सवार पर पड़ी, उन्होंने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने से ट्रेन की रफ्तार कम हुई, लेकिन तब तक बाइक इंजन के अगले हिस्से में फंस चुकी थी।


हालांकि राहत की बात यह रही कि बाइक चालक समय रहते अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रेन रुकते ही यात्रियों में भी हलचल मच गई और लोग खिड़कियों से बाहर झांककर घटना की जानकारी लेने लगे।


रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से इंजन में फंसी बाइक को बाहर निकाला गया। इसके बाद बाइक को रेलवे गुमटी के पास सुरक्षित रखा गया। पूरी प्रक्रिया में लगभग 15 मिनट तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। बाद में तकनीकी जांच के बाद इंटरसिटी एक्सप्रेस को फिर से पटना के लिए रवाना कर दिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही जयनगर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। आरपीएफ के एएसआई राज कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक चालक कौन था और उसने इतनी बड़ी लापरवाही क्यों की।


स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे गुमटी के आसपास अक्सर लोग जल्दबाजी में नियमों की अनदेखी कर ट्रैक पार करते हैं। कई बार चेतावनी के बावजूद लोग बंद गेट या ट्रेन आने के दौरान भी पटरी पार करने का प्रयास करते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।


इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय पूरी सतर्कता बरतें। अधिकारियों ने कहा कि कुछ सेकेंड की जल्दबाजी किसी की जान ले सकती है। रेलवे ने लोगों से अनुरोध किया है कि केवल निर्धारित रेलवे फाटक का ही इस्तेमाल करें और ट्रेन आने के दौरान कभी भी ट्रैक पार करने की कोशिश न करें।लोको पायलट की सतर्कता और समय पर लगाए गए इमरजेंसी ब्रेक की वजह से इस बार बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह घटना एक बार फिर रेलवे सुरक्षा नियमों की अनदेखी के गंभीर खतरे को सामने लाती है।