MADHUBANI: बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और पलायन रोकने के उद्देश्य से सरकार लगातार नई कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित कर रही है। हालांकि, उद्योगों के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर कई इलाकों में ग्रामीणों का विरोध भी तेज हो गया है। मुजफ्फरपुर में अदाणी और डालमिया समूह की सीमेंट फैक्ट्री के विरोध के बाद अब मधुबनी में जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट को लेकर विवाद सामने आया है।


मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र स्थित लोहट औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट का काम रोकने के प्रयास के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से भीड़ जुटाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस के साथ अभद्रता करने के आरोप में 23 नामजद तथा 35-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।


लाउडस्पीकर से भीड़ जुटाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि कमलाबाड़ी के धांगड़ टोला में एक टेम्पू पर लाउडस्पीकर लगाकर लोगों को निर्माण स्थल पर जुटाया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने टेम्पू चालक नवीन पाल से लाउडस्पीकर चलाने की अनुमति मांगी, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।


टेम्पू जब्त करने के दौरान हुआ विवाद

जब पुलिस टेम्पू को जब्त करने लगी, तभी उदय मंडल, विनोद मंडल और किशोरी मंडल सहित कई ग्रामीण वहां पहुंच गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किया और इसी दौरान टेम्पू को वहां से भगा दिया गया।


पुलिस ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर पेन ड्राइव में सुरक्षित रखा है और उसे प्राथमिकी के साथ संलग्न किया है। यह मामला पंडौल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंद्रदीप ठाकुर के बयान पर बीएनएस की संबंधित धाराओं और बिहार लाउडस्पीकर अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।


पुलिस ने जांच शुरू की

पंडौल थानाध्यक्ष शिल्पी कुमारी ने बताया कि बिना अनुमति लाउडस्पीकर का उपयोग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


मोतीपुर में भी हुआ था विरोध

गौरतलब है कि इससे पहले मुजफ्फरपुर के मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में बियाडा द्वारा आवंटित भूमि पर प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री का भी ग्रामीणों ने विरोध किया था। बर्जी गांव के प्रभावित रैयतों ने भूमि अधिग्रहण के खिलाफ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। वही आज मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र स्थित लोहट औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट का काम रोकने के प्रयास के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।