Bihar News: मधुबनी में भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों एवं संदिग्ध वित्तीय लेन-देन पर निगरानी के तहत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के ‘सी’ समवाय पीपरौन द्वारा पीपरौन-जठही चेक पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए 2,40,670 नेपाली मुद्रा बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया तथा एक मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
21 अगस्त 2026 को लगभग 1900 बजे, सीमा स्तंभ संख्या 284/35 से लगभग 20 मीटर भारतीय क्षेत्र में स्थित पीपरौन-जठही चेक पोस्ट पर आसूचना के आधार पर SSB कार्मिकों द्वारा भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को जांच के लिए रोका गया।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल की डिक्की से नेपाली मुद्रा 2,40,670 बरामद हुई। उक्त मुद्रा के संबंध में मांगे गए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद बरामद नेपाली मुद्रा की मौके पर विधिवत जांच एवं गिनती कर जब्ती सूची तैयार की गई।
गिरफ्तार अनिरुद्ध कुमार मधुबनी के हरलाखी का ही रहने वाला है। वह भारत से नेपाल की ओर जा रहा था। बरामद नेपाली मुद्रा, मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु थाना हरलाखी को सुपुर्द कर दिया गया है।
रिपोर्ट- कुमार गौरव, मधुबनी