MADHUBANI: बिहार के मधुबनी में एक दरोगा का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ऑडियो में एक पुलिस पदाधिकारी एक महिला से जब्त मोटरसाइकिल छुड़ाने की प्रक्रिया को लेकर बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। इस दौरान महिला को थाना से बाहर मिलने के लिए भी कहा जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी खजौली अंचल निरीक्षक को सौंपी गई।
ऑडियो की जांच और सत्यापन के दौरान पता चला कि इसमें सुनाई दे रही आवाज खजौली थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक राजेन्द्र कुमार चौरसिया की है। प्रारंभिक जांच में उनका संदिग्ध आचरण सामने आया है।
इसके बाद SSP ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दरोगा राजेन्द्र कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें लाइन हाजिर करते हुए विभागीय कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।
SSP ने स्पष्ट किया है कि एक पुलिस पदाधिकारी का इस तरह का आचरण अशोभनीय और अनुशासनहीनता का परिचायक है। इससे पुलिस विभाग की छवि भी धूमिल होती है। मामले की विस्तृत जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।