MADHUBANI: मधुबनी में दिनदहाड़े हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। घटना नगर थाना क्षेत्र स्थित भारत संचार निगम कार्यालय के पास की है। जहां मार्केट में 20 वर्षीय कपड़ा दुकानदार मोहम्मद नईम की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।


मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के मंगरौनी शेख टोली निवासी मोहम्मद नासिर के पुत्र मोहम्मद नईम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक के पिता विदेश में नौकरी करते हैं।


वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंगरौनी शेख टोली निवासी मोहम्मद अबरार के रूप में हुई है।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया है। इधर, जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


आखिर दोस्ती का रिश्ता दुश्मनी में कैसे बदल गया?

सूत्रों के मुताबिक, मृतक और आरोपी दोनों दोस्त थे। कथित तौर पर शराब पीने के बाद दोनों के बीच एक पुराने विवाद को लेकर नाराजगी थी। आरोप है कि मृतक ने नशे की हालत में आरोपी का आपत्तिजनक वीडियो बनाया था। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में नाराजगी थी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि और हत्या के पीछे की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। दो वक्त की रोजी-रोटी के लिए दुकान चलाने वाले कारोबारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।