Bihar News: मधुबनी के बेनीपट्टी में बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से भाई-बहन गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे में इलाज के लिए दरभंगा ले जाते समय बहन की मौत हो गई, जबकि भाई की हालत गंभीर बनी हुई है. घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है.


घटना बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के ब्लॉक रोड की है. बताया जाता है कि मंगलवार रात करीब 10:30 बजे स्थानीय निवासी जगदीश साह के 30 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार 440 वोल्ट की बिजली लाइन में तार जोड़ने का काम कर रहे थे. इसी दौरान पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए.


राहुल को करंट की चपेट में आया देख पास में खड़ी उनकी बहन शिव कुमारी उन्हें बचाने के लिए पहुंचीं. इसी दौरान वह भी बिजली के संपर्क में आ गईं और दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से झुलस गए.


हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और दोनों घायलों को इलाज के लिए बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया.


अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिजन दोनों को इलाज के लिए दरभंगा स्थित डीएमसीएच ले जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में शिव कुमारी की मौत हो गई.


वहीं राहुल कुमार को डीएमसीएच में इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. फिलहाल पीएमसीएच में उनका इलाज चल रहा है.


शिव कुमारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.