MADHUBANI: मधुबनी जिले के लखनौर थाना क्षेत्र के बेलही गांव में रविवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि करीब पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसमें छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।


घायलों की पहचान ठेठर मुखिया, सहदेव मुखिया, रामप्रसाद मुखिया, मनोज मुखिया, राजकुमार मुखिया और दिलीप मुखिया के रूप में हुई है। इनमें दिलीप मुखिया को गोली लगी है। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल झंझारपुर भेजा गया। बाद में चिकित्सकों ने दिलीप मुखिया को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। लखनौर थानाध्यक्ष बेमिसाल कुमार ने बताया कि डीएमसीएच में सफल ऑपरेशन के बाद दिलीप मुखिया के शरीर से गोली निकाल ली गई है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विष्णुदेव यादव, पवन कुमार, संजीव कुमार, प्रकाश कुमार और शनि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में राम निवास मुखिया के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक ट्रैक्टर भी जब्त किया है। वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य व नमूने एकत्र किए।


एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। ग्रामीण एसपी के निर्देश पर पूरे इलाके में पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।