MADHUBANI: बिहार के मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड में आवारा कुत्तों के हमले से लोगों में दहशत फैल गई है। प्रखंड कार्यालय और एक निजी स्कूल के आसपास दो कुत्तों ने पिछले कई दिनों में तीन दर्जन से अधिक महिला-पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों को काटकर घायल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि डर के कारण कई लोग घर से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं।


घायल लोग इलाज के लिए बासोपट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां डॉग बाइट वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने से उनकी परेशानी बढ़ गई। मरीजों को टिटनेस का इंजेक्शन देने के बाद मधुबनी सदर अस्पताल रेफर किया जा रहा है।


चिकित्सक सुकांत सिंह ने बताया कि सभी घायलों को सरकारी एम्बुलेंस से मधुबनी सदर अस्पताल ले जाकर डॉग बाइट वैक्सीन दिलाने की व्यवस्था की जा रही है।


वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अनुमंडलीय अस्पतालों में भी डॉग बाइट वैक्सीन की कमी की बात सामने आ रही है। इससे मरीजों को समय पर इलाज मिलने में परेशानी हो रही है।


अब सवाल है कि आवारा कुत्तों के हमलों के बीच स्वास्थ्य विभाग वैक्सीन की उपलब्धता कब सुनिश्चित करेगा? लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई करे और अस्पतालों में पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि घायलों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।

मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट