MADHUBANI: बिहार के मधुबनी में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच साल के मासूम की जान चली गई। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बसैठ में हाईस्कूल के पास यात्री बस की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान त्रिमुहान गांव निवासी राहुल ठाकुर के पांच वर्षीय बेटे काशीनाथ के रूप में हुई है। राहुल जयपुर में मजदूरी करते हैं और दीपावली व छठ पर्व मनाने के लिए अपने परिवार के साथ गांव लौट रहे थे।
परिवार को त्रिमुहान चौक पर उतरना था। इसी दौरान बसैठ के पास बस में अचानक ब्रेक लगने से बच्चा नीचे गिर पड़ा और बस का पिछला पहिया उसे कुचलते हुए निकल गया। हादसे में मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उधर, हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस को रुकवाकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने में जुट गई।
इधर, पर्व की खुशियां मनाने गांव लौट रहे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
REPORT-KUMAR GAURAV