MADHUBANI: मधुबनी के राजनगर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 9.2 किलो गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 4.60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने स्कॉर्पियो, तीन मोबाइल फोन और 5,250 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। 


मधुबनी जिले में सूखा नशा के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में राजनगर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 9.2 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी, तीन मोबाइल फोन और 5,250 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।


मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही है और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस को देखकर भागने लगा स्कॉर्पियो चालक

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर की शाम करीब 6:45 बजे राजनगर थाना अंतर्गत रॉटी टीओपी की पुलिस टीम गौसनगर कब्रिस्तान के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भगवतीपुर की तरफ से आ रही काले रंग की एक स्कॉर्पियो के चालक ने पुलिस को चेकिंग करते देखा और वाहन तेजी से गौसनगर की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। चालक स्कॉर्पियो को गौसनगर गांव में मो. बारीक के घर के अंदर ले गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की घेराबंदी कर उसे अपने कब्जे में ले लिया। गाड़ी में तीन लोग सवार थे।


पूछताछ में तीनों ने अपना नाम विनोद कामत, मो. मेहबूब और रंजीत कुमार बताया। पुलिस ने स्कॉर्पियो और तीनों व्यक्तियों की तलाशी ली। इस दौरान गाड़ी की बीच वाली सीट से गांजे के सात पैकेट, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 5,250 रुपये नकद बरामद हुए।


घर के पास जमीन में छिपाकर रखा था गांजा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान विनोद कामत ने बताया कि वह नेपाल के कमलपुर निवासी सिकेन्द्र यादव से गांजा लेकर आता था और गौसनगर के मो. बारीक व मो. मेहबूब को देता था। उसने पहले भी दोनों को गांजा पहुंचाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मो. बारीक के घर के गोईठा वाले दालान में छापेमारी की। वहां जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाकर रखे गए गांजे के तीन पैकेट बरामद किए गए। पुलिस ने सभी बरामद गांजे का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराया, जिसका कुल वजन 9.200 किलोग्राम निकला। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4.60 लाख रुपये है।


NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में राजनगर थाना कांड संख्या 488/26, दिनांक 5 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 20(B)(2)(B)/22(B) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है। एसएसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।