Bihar Archaeology News: बिहार के मधुबनी जिले में भगवान विष्णु की करीब 800 साल पुरानी दुर्लभ मूर्ति मिलने से इलाके में इसकी ऐतिहासिक विरासत को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हरलाखी प्रखंड के खिरहर गांव स्थित हर मंदिर परिसर में मिली यह प्राचीन प्रतिमा कर्णाटवंशी राजाओं के शासनकाल की बताई जा रही है. ब्लैक बेसाल्ट पत्थर से बनी यह मूर्ति करीब साढ़े पांच फीट लंबी और तीन फीट चौड़ी है.
जानकारी के अनुसार, भगवान विष्णु की यह प्रतिमा खंडित अवस्था में मंदिर परिसर में पड़ी हुई थी. पुजारियों का कहना है कि यह मूर्ति पिछले करीब 100 वर्षों से इसी जगह मौजूद है. हालांकि, इसके ऐतिहासिक महत्व की जानकारी सामने आने के बाद अब पुरातत्व अन्वेषकों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया है.
सोशल मीडिया पर चर्चा
मूर्ति की तस्वीरें और इससे जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद दरभंगा के पुरातत्व अन्वेषक डॉ. मुरारी कुमार झा और इंटैक के को-कन्वेनर शिव कुमार मिश्र ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुरातत्व अन्वेषकों ने मंदिर परिसर के अलग-अलग हिस्सों का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में मध्यकालीन ईंटों के टुकड़े और मिट्टी के पुराने बर्तनों के अवशेष भी मिले हैं. जिस स्थान पर यह मंदिर स्थित है, वह आसपास के इलाके से करीब 15 फीट ऊंचाई पर है. इन अवशेषों को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि यह जगह ऐतिहासिक महत्व की हो सकती है और यहां पहले भी कोई प्राचीन धार्मिक संरचना रही होगी.
खुदाई होने पर मिल सकती हैं और प्राचीन मूर्तियां
पुरातत्व अन्वेषक डॉ. मुरारी कुमार झा ने बताया कि मंदिर परिसर में मिली प्रतिमा काफी पुरानी प्रतीत हो रही है. फिलहाल मूर्ति खंडित अवस्था में है और इसकी ऐतिहासिक पहचान को लेकर जांच की जा रही है. उन्होंने संभावना जताई कि इस स्थान पर व्यवस्थित तरीके से खुदाई या विस्तृत जांच कराई जाए तो यहां से अन्य प्राचीन मूर्तियां और ऐतिहासिक अवशेष भी मिल सकते हैं.
मिथिलांचल में पहले भी मिल चुकी हैं प्राचीन मूर्तियां
मधुबनी और आसपास के मिथिलांचल क्षेत्र में इससे पहले भी कई जगहों पर प्राचीन मूर्तियां मिल चुकी हैं. अंधराठाढ़ी प्रखंड और पंडौल प्रखंड के भवानीपुर स्थित तालाब की खुदाई के दौरान भी काले ग्रेनाइट पत्थर से बनी प्राचीन मूर्तियां बरामद हुई थीं. इनमें भगवान विष्णु की प्रतिमाएं भी शामिल थीं.
बताया जाता है कि इन मूर्तियों को उगना महादेव मंदिर में पूजा के लिए रखा गया है. अब खिरहर गांव में करीब 800 साल पुरानी भगवान विष्णु की प्रतिमा मिलने के बाद एक बार फिर मिथिलांचल की प्राचीन ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत चर्चा में है.