MADHUBANI: मधुबनी के हरलाखी थाना क्षेत्र के बरही गांव में शनिवार को AC लगाने के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से एक टेक्नीशियन की मौत हो गई। मृतक की पहचान बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बिरौली गांव निवासी अरुण यादव के 28 वर्षीय पुत्र महेश कुमार यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, महेश कुमार यादव सैमसंग कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। शनिवार को वह बरही गांव में AC लगाने गया था। इसी दौरान वह बिजली करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना बेनीपट्टी थाना पुलिस को दी और शव को लेकर बिरौली गांव पहुंचे।
शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
इधर, सूचना मिलने पर बेनीपट्टी थाना के एसआई संजय कुमार सिंह और सूर्यबली यादव पुलिस टीम के साथ बिरौली गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया।