Ayodhya to Janakpur Train: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती मिलने जा रही है। अयोध्या से जनकपुरधाम होते हुए जयनगर तक प्रस्तावित रेल परिचालन की तैयारी तेज हो गई है।
रेलवे के अधिकारियों और दोनों देशों के प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारियों ने जयनगर-कुर्था रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान एमटी बोगियों के साथ जयनगर से जनकपुरधाम होते हुए कुर्था तक ट्रायल भी किया गया।
हाजीपुर रेलवे के एजीएम अमरेंद्र कुमार ने बताया कि अयोध्या से जयनगर होते हुए जनकपुरधाम तक ट्रेन परिचालन जल्द शुरू करने की दिशा में काम चल रहा है। संभावित रूप से नवंबर में भारत और नेपाल के प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से इस सेवा का उद्घाटन करेंगे। निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में मौजूद कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने बताया कि दोनों देशों के कस्टम और सुरक्षा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जांच एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करेंगे। टिकट बुकिंग की सुविधा भी आईआरसीटीसी के माध्यम से उपलब्ध कराने की तैयारी है।
इस रेल सेवा से अयोध्या की रामनगरी और जनकपुर की सीतानगरी सीधे धार्मिक पर्यटन के माध्यम से जुड़ेंगी। इससे रामायण सर्किट को बढ़ावा मिलने के साथ दोनों देशों के बीच पर्यटन, व्यापार और आपसी सद्भाव को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- कुमार गौरव, मधुबनी