MADHEPURA: मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मानिकपुर चौक स्थित नए फोरलेन ओवरब्रिज की टर्निंग पर स्कॉर्पियो, सीएनजी ऑटो और दो मोटरसाइकिलों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 14 लोग घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सीएनजी ऑटो सड़क पर पलट गया और दोनों बाइक क्षतिग्रस्त होकर दूर जा गिरीं। हादसे के बाद ओवरब्रिज पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
स्कॉर्पियो ने कई वाहनों को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हादसा मानिकपुर चौक स्थित नए फोरलेन ओवरब्रिज की टर्निंग पर हुआ। दुर्घटना में घायल पुरैनी निवासी बाइक सवार प्रिंस कुमार ने बताया कि वह अपनी साइड में करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कट मारते हुए उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने आगे चल रही दूसरी बाइक और यात्रियों से भरे सीएनजी ऑटो को भी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय निवासी विनोद कुमार ने बताया कि जब वह भर्राही की तरफ से आ रहे थे, तब ओवरब्रिज पर सीएनजी ऑटो पलटा हुआ था। आसपास करीब 10 से 12 लोग खून से लथपथ पड़े थे। किसी के सिर में चोट लगी थी तो किसी का पैर टूट गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों और मौके पर पहुंची पुलिस ने मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की भयावहता को देखते हुए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही भर्राही थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अपनी गाड़ी और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, करीब 12 से 14 घायल मरीज अस्पताल पहुंचे थे। इनमें एक व्यक्ति की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार
हादसे की खबर मिलते ही मधेपुरा सदर अस्पताल में घायलों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इमरजेंसी वार्ड के बाहर परिजन अपनों की कुशलता जानने के लिए परेशान दिखे। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। उधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को ओवरब्रिज से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य करा दी।
ओवरब्रिज की टर्निंग पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद मानिकपुर चौक ओवरब्रिज की टर्निंग पर सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने जिला प्रशासन से ओवरब्रिज की टर्निंग पर स्पीड ब्रेकर, बैरिकेडिंग और स्पीड लिमिट के साइनबोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
घायलों की लिस्ट:
* प्रिंस कुमार (पिता: स्व. वासुदेव पंडित) – पुरैनी
* दिलखुश कुमार (पिता: रुदल महता) – पुरैनी, वार्ड 11
* गुलशन कुमार (पिता: वकील कुमार)
* नीतू देवी – सिंहेश्वर
* सूर्यमणि देवी
* मुन्ना स्वर्णकार (पिता: रामेश्वर स्वर्णकार)
* चुनमुन देवी (पति: मुन्ना स्वर्णकार)
* रेखा देवी
* बबिला देवी (पति: श्रवण मोदी)
* धनेश्वरी देवी (पति: विजय चौरसिया)
* मुन्ना मिटा (पिता: रामेश्वर स्वर्णकार)