MADHEPURA: बिहार के मधेपुरा में महानवमी के अवसर पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। खासकर खोइछा भरने के लिए महिला श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। वहीं, भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।


शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर मधेपुरा में चारों ओर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने मंदिरों और पूजा पंडालों में पहुंचकर मां जगदम्बा के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।


महानवमी पर खोइछा भरने की परंपरा को निभाने के लिए सुबह से ही महिला श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाएं पूजा की थाली और श्रृंगार का सामान लेकर अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं। भक्तों ने मां के दरबार में माथा टेककर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना की।


श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मधेपुरा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। वहीं, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए।


इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक और रूट डायवर्जन जैसे कदम उठाए गए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो।


जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। प्रशासन का प्रयास है कि महानवमी का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो।