Bihar News: मधेपुरा के मुरलीगंज प्रखंड के कोल्हायपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 2 और 5 में गुरुवार को सियार के आतंक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बहियार से निकलकर आए सियार ने दरवाजे पर बैठे बच्चों, बुजुर्गों और रसोई में काम कर रही एक महिला पर हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग जख्मी हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, सियार ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद ग्रामीण एकजुट हुए और सियार को मार दिया। घायलों की पहचान 10 वर्षीय खुश नसीब, 18 वर्षीय रोहन खातून, वार्ड संख्या 2 निवासी 10 वर्षीय निशांत राज और वार्ड संख्या 5 निवासी 22 वर्षीय कुमारी सोनाक्षी के रूप में हुई है।
सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. शत्रुघ्न कुमार ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने एक सियार को पीट-पीटकर मार डाला। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।