MADHEPURA:  बिहार के मधेपुरा में दशहरा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इस बार शहर में दो जगहों पर रावण वध का आयोजन किया जाएगा। 


पहला कार्यक्रम स्टेशन चौक पर और दूसरा मधेपुरा गौशाला परिसर में होगा। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। वहीं, एसपी ने साफ कहा है कि हुड़दंग करने वालों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।


दशहरा के मद्देनजर मधेपुरा के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूजा-पाठ और मेला देखने आने वाले लोगों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है।


उन्होंने कहा कि जेबकतरों, उचक्कों और बाइकर्स गैंग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही, पुराने अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।


सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर


दशहरा के दौरान अफवाहों और भ्रामक खबरों को फैलने से रोकने के लिए साइबर सेल को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री साझा न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल, जिला प्रशासन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में दशहरा संपन्न कराने की तैयारी में जुटा है। पुलिस ने लोगों से त्योहार को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।