Bihar Road Accident: बिहार के लखीसराय में मंगलवार अहले सुबह भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. स्कॉर्पियो जमुई की ओर से आ रही थी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए. इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई.
दो महिला, एक बच्चे समेत पांच की मौत
सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों में दो महिलाएं, एक बच्चा और दो पुरुष शामिल हैं. इनमें स्कॉर्पियो का चालक भी बताया जा रहा है. हादसे में घायल तीन लोगों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. इनमें एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है.
हादसे की जानकारी मिलते ही तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को लेकर आवश्यक कार्रवाई की और सड़क पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया.
फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.