Bihar Crime News: लखीसराय के बड़हिया टाल क्षेत्र में मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की मौत हो गई. वीरुपुर थाना क्षेत्र के पाली गांव में हरुहर नदी में मछली मारने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें 55 वर्षीय रामपति देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. पटना में इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई.
मृतका की पहचान पाली गांव निवासी साहू साहनी की पत्नी रामपति देवी के रूप में हुई है. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को हरुहर नदी में मछली पकड़ने को लेकर साहू साहनी और सूरज साहनी के परिवार के बीच विवाद हुआ था. दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई.
इसी दौरान रामपति देवी भी मारपीट की चपेट में आ गईं. गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए पटना के अस्पताल में भर्ती कराया. वहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई.
रामपति देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया गया था. इलाज के दौरान उनकी स्थिति बिगड़ गई और बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन शव को लेकर गांव पहुंचे.
घटना की जानकारी मिलने के बाद वीरुपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वीरुपुर थानाध्यक्ष जितेंद्र देव दीपक ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर मंगलवार शाम पुलिस को आवेदन मिला था. महिला की मौत के बाद मामले की जांच की जा रही है.
पुलिस अब मारपीट की घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. साथ ही घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.