KISHANGANJ: किशनगंज जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला बहादुरगंज थाना क्षेत्र के गांगी गांव का है, जहां बुधवार सुबह दो जंगली हाथियों ने आबादी क्षेत्र में घुसकर जमकर उत्पात मचाया।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह से ही दो हाथी अचानक गांव में घुस आए और खेतों में लगी धान की फसल को रौंदना शुरू कर दिया। हाथियों ने गांव के कई कच्चे घरों की दीवारें तोड़ दीं और घरों में रखा अनाज व सामान बिखेर दिया। अचानक हुए इस हमले से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे।
इसी दौरान हाथियों की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को तुरंत बहादुरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसी दौरान बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है।
मृतक बुजुर्ग व्यक्ति अलताबाड़ी निवासी मोफीज आलम और दूसरा दरनिया गांव का एक मासूम बच्चा शामिल है। इधर घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरू सिराज बहादुरगंज थाना की पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मामले को नियंत्रण करने में जुट गए है।
वन विभाग के अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को दिघलबैंक के धनतोला में भी हाथियों ने उत्पात मचाया था। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग की टीम को अलर्ट पर रखा गया है। फिलहाल वन विभाग की टीम द्वारा भीड़ को हटा दिया गया है और हाथियों को ट्रैक कर उन्हें सुरक्षित जंगल की ओर ले जाने का प्रयास कर रही है।