Bihar Tourism News: बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज से हिमालय की बर्फ से ढकी ऊंची चोटियों का खूबसूरत नजारा देखने को मिला. कई दिनों तक बादलों और धुंध के पीछे छिपी पर्वत श्रृंखलाएं सोमवार को मौसम साफ होते ही नजर आने लगीं. सुबह की सुनहरी धूप में कंचनजंघा की चमकती चोटियों को देखकर स्थानीय लोग और रेलवे स्टेशन से गुजरने वाले यात्री भी मंत्रमुग्ध हो गए.


ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन से दिखाई देने वाला यह नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. सुबह आसमान साफ होने के बाद दूर स्थित हिमालय की चोटियां बिल्कुल स्पष्ट दिखाई देने लगीं. बर्फ से ढकी पहाड़ियों पर जब सूरज की पहली किरणें पड़ीं तो उनका नजारा और भी खूबसूरत हो गया. स्टेशन पर मौजूद कई यात्री कुछ देर के लिए रुककर इस प्राकृतिक खूबसूरती को निहारते नजर आए. वहीं, कुछ लोगों ने इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में भी कैद किया.


मौसम साफ होते ही दिखने लगी कंचनजंघा

दरअसल, ठाकुरगंज की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि यहां से मौसम साफ रहने पर हिमालय की ऊंची चोटियां दिखाई देती हैं. पिछले कई दिनों से आसमान में बादल और धुंध छाए रहने के कारण पहाड़ नजर नहीं आ रहे थे. सोमवार को मौसम साफ हुआ तो दूर तक फैली बर्फीली पर्वत श्रृंखलाओं का दीदार होने लगा.


कंचनजंघा दुनिया की तीसरी सबसे ऊंची पर्वत चोटी है. यह सिक्किम में नेपाल की सीमा के पास स्थित है. इसकी बर्फ से ढकी चोटियां जब साफ आसमान के बीच दिखाई देती हैं तो आसपास के इलाके का नजारा बेहद आकर्षक हो जाता है.


नेपाल और बंगाल की सीमा से सटा है ठाकुरगंज

किशनगंज जिले का ठाकुरगंज नेपाल और पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा हुआ है. यहां की हरियाली, चाय के बागान, खुले मैदान और दूर तक फैली पर्वत श्रृंखलाएं इस क्षेत्र को प्राकृतिक रूप से खास बनाती हैं. मौसम साफ रहने पर यहां से हिमालय की बर्फीली चोटियों को देखा जा सकता है.


स्थानीय लोगों के लिए हिमालय की चोटियों का दिखना भले ही जाना-पहचाना नजारा हो, लेकिन कई दिनों तक बादलों में छिपे रहने के बाद पहाड़ों का दिखाई देना हमेशा खास अनुभव लेकर आता है. सोमवार को भी रेलवे स्टेशन से लेकर सड़क पर गुजरने वाले लोगों तक की निगाहें कुछ देर के लिए हिमालय की ओर टिकी रहीं.


पर्यटन के लिहाज से खास है यह इलाका

प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर होने के बावजूद ठाकुरगंज को पर्यटन के क्षेत्र में अभी वैसी पहचान नहीं मिल पाई है. यहां के चाय बागान, हरियाली और हिमालय की बर्फीली चोटियों का नजारा पर्यटकों को आकर्षित कर सकता है. अगर इन प्राकृतिक स्थलों को पर्यटन से जोड़ने की दिशा में पहल की जाए तो ठाकुरगंज को एक बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाएं हैं.