Bihar Crime News: किशनगंज के दिघलबैंक थाना क्षेत्र में युवती से मारपीट और छेड़छाड़ के पुराने वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी गुजरात में रह रहा था, जिसे तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर ट्रैक करने के बाद दिघलबैंक थाना क्षेत्र से पकड़ा गया. इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
मामला तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास का है. 24 और 25 सितंबर की देर रात सोशल मीडिया पर युवती के साथ बदसलूकी का पुराना वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो सामने आने के बाद किशनगंज एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर तुरंत विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने वायरल वीडियो की जांच करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान शुरू की. इसके बाद 25 और 26 सितंबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. अब पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिघलबैंक थाना क्षेत्र के जागीर दीघीभाट निवासी 24 वर्षीय शहजाद के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार वह गुजरात में रह रहा था. तकनीकी सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया और कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ और तकनीकी जांच से मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं.
पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट की जा सके.
किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने कहा कि एसडीपीओ टू के नेतृत्व में गठित एसआईटी लगातार मामले की जांच कर रही है. इसी कार्रवाई के दौरान चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.