Bihar Crime News: बिहार के किशनगंज जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. सदर थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ उसके ही रिश्ते के दादा पर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. पीड़िता की शिकायत के बाद महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बुजुर्ग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.


पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 26 जून को महिला थाना में मामला दर्ज कराया. शिकायत में आरोप लगाया गया कि पहली घटना 25 अप्रैल को हुई थी. उस समय बच्ची घर में अकेली थी. इसी दौरान आरोपी घर में घुस गया और उसे डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी देते हुए किसी को भी घटना की जानकारी नहीं देने को कहा.


डर और धमकी की वजह से बच्ची लंबे समय तक चुप रही. इसी का फायदा उठाकर आरोपी उस पर लगातार अत्याचार करता रहा. आरोप है कि उसने कई बार बच्ची का शारीरिक शोषण किया. आखिरकार मानसिक रूप से परेशान बच्ची ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी.


बेटी की आपबीती सुनकर परिवार के लोग सदमे में आ गए. इसके बाद पीड़िता की मां सीधे महिला थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की.


महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज किया जा रहा है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.


पुलिस के अनुसार, बच्ची की काउंसलिंग कराई जा रही है ताकि उसे मानसिक सहयोग मिल सके. साथ ही उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक पुलिस संरक्षण भी उपलब्ध कराया गया है.


महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. जांच जारी है और यदि जरूरत पड़ी तो आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर भी पूछताछ की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी तथ्यों को सामने लाया जाएगा और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.