Bihar Crime News: किशनगंज में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना सदर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. बच्ची के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले 12 वर्षीय किशोर पर चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ गलत हरकत करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.


बच्ची के पिता के अनुसार, रविवार को उनकी चार वर्षीय बेटी घर के पास खेल रही थी. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 12 वर्षीय किशोर उसके पास पहुंचा और चॉकलेट दिलाने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया. कुछ देर बाद बच्ची घर के पास डरी-सहमी हालत में वापस लौटी.


बच्ची की हालत देखकर परिजनों को शक हुआ. उसकी मां ने जब बच्ची से जानकारी ली तो उसने रोते हुए अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया. इसके बाद परिजनों ने तत्काल बच्ची के पिता को इसकी सूचना दी. उस समय बच्ची के पिता काम के सिलसिले में घर से बाहर थे. सूचना मिलने के बाद वह घर पहुंचे और बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर गए.


घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने किशनगंज सदर थाना पुलिस को सूचना दी. सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और बच्ची तथा उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली.


पुलिस ने आरोपी किशोर को निरुद्ध कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस बच्ची के परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.


बच्ची का अस्पताल में हो रहा इलाज

फिलहाल बच्ची का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. पुलिस के अनुसार, परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है. घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.


सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बच्ची के परिजनों का बयान दर्ज किया गया है. मामले की जांच जारी है और बच्ची का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है. आरोपी किशोर को पुलिस ने पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.