Bihar News: जमुई जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय निजी शिक्षक की मौत हो गई। तेज रफ्तार और खराब मौसम के बीच हुई इस दुर्घटना ने एक परिवार का इकलौता सहारा छीन लिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मृतक की पहचान मलयपुर गांव के शिवालय टोला निवासी सोनू कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह पेशे से एक निजी कोचिंग शिक्षक थे और प्रतिदिन जमुई शहर में बच्चों को पढ़ाने के बाद देर शाम अपने घर लौटते थे। सोनू इलाके में एक मेहनती और मिलनसार शिक्षक के रूप में जाने जाते थे।


जानकारी के अनुसार, शनिवार रात वह अपनी पल्सर बाइक से जमुई शहर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मलयपुर थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित आंजन पुल के पास दोमुहानी सड़क पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े यूकेलिप्टस के एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।


स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय इलाके में तेज आंधी और खराब मौसम का असर था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कम दृश्यता और तेज हवा के कारण बाइक चालक संतुलन खो बैठा होगा। वहीं कुछ ग्रामीणों का मानना है कि किसी अज्ञात वाहन के कारण भी यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।


घटना की जानकारी सबसे पहले मलयपुर थाना की गश्ती टीम को मिली। गश्ती के दौरान पुलिसकर्मियों की नजर सड़क किनारे गिरी बाइक की जलती हुई लाइट पर पड़ी। संदेह होने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


इसके बाद पुलिस ने मृतक के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। देर रात जैसे ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे, वहां चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि सोनू अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनकी दो बहनें हैं और परिवार की कई जिम्मेदारियां उन्हीं के कंधों पर थीं।


सोनू न केवल अपने परिवार का सहारा थे, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। कोचिंग में पढ़ने वाले छात्र और स्थानीय लोग भी उनकी मौत की खबर सुनकर स्तब्ध हैं। गांव में हर तरफ शोक का माहौल है और लोग इस हादसे को लेकर दुख व्यक्त कर रहे हैं।


फिलहाल मलयपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 


जमुई से धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट