Bihar News: बिहार पुलिस में एक से बढ़कर एक धनकुबेर हैं. धन कमाने में इंस्पेक्टर अपने बॉस डीएसपी से पीछे नहीं है. 2009 में दारोगा में बहाल एक इंस्पेक्टर ने सेवा काल में 20-25 करोड़ की संपत्ति अर्जित की. आर्थिक अपराध इकाई ने जब छापेमारी की, तब पूरी पोल पट्टी खुल गई. हालांकि छापेमारी अभी खत्म नहीं हुई है. बता दें, हाल में ही किशनगंज सदर के एसडीपीओ गौतम कुमार के ठिकानों पर ईओयू ने छापेमारी की थी, रेड में अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है. आज थानेदार की पोल खुली है.
डीएसपी से आगे निकला थानेदार
बिहार पुलिस के एक भ्रष्ट इंस्पेक्टर के ठिकानों से अकूत संपत्ति की जानकारी लगी है. इंस्पेक्टर सह किशनगंज के टाउन थानेदार ने न सिर्फ बिहार में बल्कि बंगाल में भी संपत्ति अर्जित की है. किशनगंज के थानाअध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई ने आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज कर आज मंगलवार को पांच ठिकानों पर छापेमारी की है. 2009 में बिहार पुलिस में दरोगा पद पर नियुक्त हुए अभिषेक कुमार रंजन 2023 में इंस्पेक्टर बने. सेवा काल में मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, पटना, किशनगंज में पदस्थापित रहे. जांच में आय से एक करोड़ 70 लाख 22 हजार रुपए की संपत्ति अर्जित करने का आरोप हैं.
पटना से लेकर छपरा तक मकान
आर्थिक अपराध इकाई की रेड में अभिषेक कुमार रंजन के पटना रामकृष्णा नगर स्थित मकान जो 2200 वर्ग फीट में बना हुआ है, तलाशी ली गई. यह मकान 2023-24 में बना है. इसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड रुपए है. छपरा शहर में भी 1400 वर्ग फीट में मकान है जो 2019 में निर्मित की गई है. इसका अनुमानित लागत लगभग 30 लाख रुपए है. पैतृक गांव में भी एक दो मंजिला मकान बनवाया जा रहा है, जिसका अनुमानित खर्च लगभग ₹500000 है .
सिलीगुड़ी में जमीन खरीद के लिए 84 लाख रू नकद भुगतान किया
इंस्पेक्टर ने सिलीगुड़ी में दार्जिलिंग रोड पर छह कट्ठा का भूखंड क्रय किया है, जिसकी बाउंड्री कराई गई है. यह भूखंड लगभग 17 लाख रुपए प्रति कट्ठा की दर से खरीदा है. तलाशी में यह पुष्टि हुई है कि भूखंड क्रय करने में प्रमोटर को 84 लाख रुपए नगद भुगतान किया गया है. इस संबंध में आगे भी साक्ष्य संकलन किया जाएगा. इसके अलावा मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना के चंदवारा में तीन कट्ठा जमीन वर्ष 2015 में खरीदी गई. जिसके लिए लाखों का भुगतान किया गया. निबंधन चार लाख रुपये दर्शाया गया है .
हवाई यात्रा-मुंबई के ताज होटल में ठहराव
तलाशी के क्रम में अभिषेक रंजन की पत्नी अंकिता कुमारी के बैंक खाते में लगभग 8,50000 रू जमा है. इनके द्वारा ₹100000 वार्षिक जीवन बीमा निगम में निवेश किया गया है. साथ ही म्युचुअल फंड एवं शेयर में लगभग 20 लाख रुपए का निवेश किया गया है . हाल ही में अपने बड़े पुत्र का नामांकन डीपीएस सिलिगुड़ी में कराया है, जिसके लिए ढाई लाख रुपए का भुगतान प्रवेश शुल्क के रूप में किया है. तलाशी में पाया गया है कि इंस्पेक्टर महंगे मोबाइल फोन एवं विलासिता पूर्ण जीवन शैली के शौकीन हैं. जनवरी महीने में ही बागडोगरा से अपने परिवार सहित मुंबई की हवाई यात्रा की है. 5 दिनों की यात्रा में मुंबई के महंगे पांच तारा होटल ताज में ठहरने के प्रमाण मिले हैं. भ्रमण पर खर्च की राशि के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है .
मुजफ्फरपुर में 20 करोड़ रू जमीन में निवेश के संकेत
अभिषेक रंजन के संबंध में जानकारी मिली है कि यह जमीन के कारोबार में काफी रुपया निवेश किया है. जमीन सिंडिकेट के साथ जुड़े हुए हैं. सिलीगुड़ी के सेवक रोड में एक फ्लैट होने की जानकारी मिली है .6 -7 ट्रक खरीदे जाने की सूचना है. मुजफ्फरपुर में भी प्रॉपर्टी में निवेश की जानकारी लगी है. बताया जाता है कि निवेश की गई राशि लगभग 20 करोड रुपए से अधिक की है. इनमें से कई संपत्तियां बेनामी होने के संकेत हैं.