Bihar Crime News: बिहार के किशनगंज में शादी से ठीक तीन दिन पहले एक गर्भवती युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवती की हत्या किसी अनजान ने नहीं, बल्कि उसके होने वाले पति ने ही अपने पिता और भाई के साथ मिलकर की थी. युवती छह महीने की गर्भवती थी और दोनों के बीच पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मंगेतर को गिरफ्तार कर लिया है.
मामला पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के काला सिंधिया गांव का है. यहां 23 वर्षीय युवती का शव 15 नवंबर को गांव के ही एक खेत में गड्ढे से बरामद किया गया था. युवती के लापता होने के बाद उसके पिता जितालु ने 14 नवंबर को पहाड़कट्टा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने पुलिस को बताया था कि सुबह करीब चार बजे जब वह अपनी बेटी को नमाज पढ़ने के लिए जगाने गए तो वह बिस्तर पर नहीं थी. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला.
इसके बाद पुलिस ने कांड संख्या 297/26 दर्ज कर जांच शुरू की. एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर युवती की तलाश शुरू की. इसी दौरान 15 नवंबर को गांव के एक खेत में गड्ढे से उसका शव बरामद हुआ. मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
शादी से बचने के लिए मंगेतर ने रची हत्या की साजिश
बुधवार को एसडीपीओ कार्यालय में प्रेसवार्ता कर एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने पूरे मामले का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या उसके मंगेतर बासिद आलम (24) ने अपने पिता सलीमुद्दीन और भाई के साथ मिलकर की थी. पुलिस ने मुख्य आरोपी बासिद को 17 नवंबर को पश्चिम बंगाल की सीमा के पास रतनपुर गांव से गिरफ्तार किया.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती के साथ उसका पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवती छह महीने की गर्भवती थी. दोनों की शादी को लेकर पंचायत और परिजनों का दबाव था. इसी दबाव में 16 नवंबर को शादी की तारीख तय की गई थी. हालांकि, बासिद और उसका परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं था. शादी से बचने के लिए तीनों ने मिलकर युवती की हत्या की साजिश रची.
मिलने के बहाने बुलाया, फिर कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे बासिद ने युवती को फोन कर मिलने के बहाने घर के पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र बुलाया था. वहां उसके ही दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को पास के खेत में ले जाया गया, जहां कुदाल से गड्ढा खोदकर उसे दफना दिया गया. वारदात के बाद आरोपी और उसके परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए.
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर के पीछे बांस बिट्टा के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई कुदाल भी बरामद कर ली है. पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
इस कार्रवाई में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, ठाकुरगंज अंचल निरीक्षक पंकज कुमार पंत, जिला आसूचना इकाई प्रभारी मोहम्मद मुश्ताक, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.