Bihar Crime News: बिहार के किशनगंज में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. खेत में आलू लगाने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना बहादुरगंज प्रखंड के दुर्गापुर बंगामा वार्ड संख्या-9 की है. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतका की पहचान स्वर्गीय जियाउद्दीन की पत्नी खैरुण निशा के रूप में हुई है. घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है. मृतका के बड़े बेटे चिराग अली (33) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी मां दोपहर करीब 3 बजे विशनपुर से घर लौटी थीं. इसके बाद वह अपनी बड़ी बहू अबसरी बेगम के साथ खाना खा रही थीं.
इसी दौरान उनकी छोटी बहू खेत में आलू लगाने के लिए गई थी. आरोप है कि मंझले बेटे सहीरुल आलम (30) ने उसे खेत में आलू लगाने से रोक दिया. जब मां खैरुण निशा ने बहू को आलू लगाने देने की बात कही तो सहीरुल गुस्से में आ गया. इसी बात को लेकर उसने मां के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.
मां को जमीन पर पटककर पीटा
परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने अपनी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की. पिटाई के दौरान वह बेहोश हो गईं. इसके बावजूद आरोपी मारपीट करता रहा. घटना में उनके नाक और मुंह से खून निकलने लगा और शरीर में सूजन आ गई.
परिवार के अन्य सदस्य जब तक मौके पर पहुंचे, खैरुण निशा अचेत हो चुकी थीं. परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में गाड़ी के अंदर ही उनकी मौत हो गई. मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
परिजनों ने आरोप लगाया कि सहीरुल आलम का व्यवहार पहले से ही ठीक नहीं था. वह घर का सामान हड़पने को लेकर अपने पिता के साथ भी मारपीट करता था. पिता की मौत के बाद वह अपनी मां के साथ भी विवाद और मारपीट करने लगा था.
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे सहीरुल आलम को सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.