India Nepal Border News: अपने नेपाली प्रेमी से मिलने के लिए अमेरिका की एक युवती करीब 13 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर नेपाल पहुंच गई. नेपाल में अपने प्रेमी के साथ रहने के बाद दोनों खरीदारी करने के लिए बिहार के किशनगंज जिले के दिघलबैंक बाजार पहुंचे थे. नेपाल लौटने के दौरान सीमा के पास SSB के जवानों की नजर दोनों पर पड़ी. विदेशी युवती को देखकर जवानों ने दोनों को रोककर पूछताछ की और बाद में युवती को दिघलबैंक थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी युवती की कुछ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए नेपाल के रहने वाले एक युवक से दोस्ती हुई थी. बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब तीन साल से बातचीत और प्रेम प्रसंग चल रहा था.
प्रेमी से मिलने अमेरिका से भूटान पहुंची
अपने प्रेमी से मिलने के लिए युवती अमेरिका से पहले भूटान पहुंची. इसके बाद वह सड़क के रास्ते करीब 800 किलोमीटर की दूरी तय कर नेपाल पहुंची और अपने नेपाली प्रेमी के साथ रहने लगी.
सोमवार को युवती अपने प्रेमी के साथ खरीदारी करने के लिए किशनगंज के दिघलबैंक बाजार आई थी. दिघलबैंक भारत-नेपाल सीमा से सटा इलाका है. खरीदारी के बाद दोनों नेपाल लौट रहे थे.
सीमा के पास SSB ने दोनों को रोका
नेपाल लौटने के दौरान सीमा स्तंभ संख्या 130 के पास तैनात SSB की 12वीं वाहिनी के जवानों ने दोनों को देखा. विदेशी नागरिक की मौजूदगी को देखते हुए जवानों ने दोनों को रोककर पूछताछ शुरू की.
पूछताछ के दौरान युवती ने खुद को अमेरिका का नागरिक बताया और बताया कि उसका साथ मौजूद युवक नेपाल का रहने वाला है. युवती ने सुरक्षा जवानों को यह भी बताया कि दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और बाद में यह संबंध प्रेम प्रसंग में बदल गया.
SSB ने युवती को हिरासत में लेकर उसके यात्रा से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवती के पास भारत में प्रवेश करने के लिए वैध वीजा और जरूरी अनुमति थी या नहीं.
इसके बाद युवती को दिघलबैंक थाना पुलिस को सौंप दिया गया. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसकी भारत, नेपाल और भूटान यात्रा से जुड़ी जानकारी जुटा रही हैं. उसके पास मौजूद दस्तावेजों और यात्रा रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
शुरुआती जांच में युवती के किसी आपराधिक या राष्ट्रविरोधी गतिविधि से जुड़े होने का संकेत सामने नहीं आया है. हालांकि, भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में विदेशी नागरिक की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां उसके दस्तावेजों और भारत में आने की अनुमति से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं.