Bihar Crime News: खगड़िया के अलौली थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता 22 वर्षीय युवक का शव सोमवार को पोखर से बरामद किया गया. युवक 19 सितंबर से घर से लापता था. सोमवार को उसका शव बैरवा मुसहरी स्थित पोखर में पानी पर तैरता मिला. इससे पहले रविवार को पोखर के पास से युवक के कपड़े और बेल्ट बरामद हुए थे. परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद को इसकी वजह बताया है.


मृतक की पहचान हरिपुर गांव के नया टोला निवासी गुलफाम आलम के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, गुलफाम 19 सितंबर से लापता था. काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला. रविवार को बैरवा मुसहरी स्थित पोखर के पास उसका कपड़ा और बेल्ट मिला था. इसके बाद परिजनों की आशंका और बढ़ गई थी.


सोमवार को स्थानीय लोगों ने पोखर में युवक का शव तैरता देखा. इसकी जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची. शव की पहचान गुलफाम आलम के रूप में की गई. शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.


मृतक के भाई गुलसाद ने दावा किया कि गुलफाम का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. करीब दो महीने पहले युवती की शादी हो चुकी थी. गुलसाद का आरोप है कि इसके बावजूद युवती के परिजन उसके भाई से 10 हजार रुपये की मांग कर रहे थे.


गुलसाद का आरोप है कि रुपये नहीं देने के कारण युवती के परिजनों ने उसके भाई की हत्या कर दी. उसने यह भी दावा किया कि गुलफाम को पहले धमकी दी गई थी. हालांकि, हत्या के आरोप की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है.


अलौली थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि परिजन युवक की हत्या की आशंका जता रहे हैं. घटना को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.


थानाध्यक्ष के अनुसार, युवक के शरीर पर फिलहाल किसी तरह के चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं. मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.