Bihar Police News: खगड़िया के महेशखूंट थाना क्षेत्र के राजधाम गांव में शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची उत्पाद पुलिस की टीम पर ग्रामीणों के एक समूह ने हमला कर दिया. बुधवार रात हुई इस घटना में एक महिला दारोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई जवानों को भी चोटें आई हैं. सभी घायलों का इलाज गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया.


जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध विभाग की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि राजधाम गांव में एक राजमिस्त्री के घर शराब की खेप रखी गई है. इसी सूचना के आधार पर उत्पाद पुलिस की टीम बुधवार रात उसके घर पहुंची और तलाशी लेने का प्रयास किया.


तलाशी को लेकर हुआ विवाद

उत्पाद पुलिस के अनुसार, टीम जैसे ही घर की तलाशी लेने पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई. देखते ही देखते कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया.


हमले में उत्पाद पुलिस की महिला दारोगा विष्णु प्रिया समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. इसके अलावा कई अन्य जवानों को भी चोटें आई हैं. घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया.


पुलिस ने बताया छापेमारी के दौरान हुआ हमला

जख्मी महिला दारोगा विष्णु प्रिया ने बताया कि पुलिस को राजधाम गांव में शराब रखे जाने की सूचना मिली थी. इसी सूचना पर टीम संबंधित घर पहुंची थी. घर की तलाशी लेने के दौरान वहां मौजूद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया और मारपीट शुरू कर दी.


दूसरी तरफ, घरवालों ने पुलिस पर भी आरोप लगाया है. उनका कहना है कि छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक लड़की के साथ मारपीट की, जिसमें मुस्कान कुमारी घायल हुई है. परिजनों का आरोप है कि उत्पाद पुलिस की टीम उन्हें बेवजह परेशान करने के लिए बार-बार छापेमारी करती है.


परिजनों का कहना है कि इससे पहले भी उत्पाद पुलिस उनके यहां तीन बार छापेमारी कर चुकी है, लेकिन हर बार कुछ बरामद नहीं हुआ. इसी बात को लेकर भी परिवार और पुलिस के बीच विवाद होने की बात कही जा रही है.


फिलहाल घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस और ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.