Bihar News: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में खगड़िया जिले में जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए बुलडोजर अभियान के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। कार्रवाई का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई तक की नौबत आ गई। पूरे इलाके में घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


यह मामला खगड़िया नगर थाना क्षेत्र के बलुआही इलाके का है, जहां सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची थी। प्रशासन ने सड़क किनारे और सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कई घरों के छज्जे, सीढ़ियां, चदरा से बने ढांचे और दीवारों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया।


कार्रवाई के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा तब हुई जब राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव के पिता के स्मारक की चारदीवारी को भी बुलडोजर से तोड़ दिया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।


स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और किसी तरह हालात को नियंत्रित किया। इस दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया गया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी बड़े विवाद की स्थिति को रोका जा सके।


खगड़िया अंचल के सीओ ने बताया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने के लिए पहले ही कई लोगों को नोटिस दिया गया था। बावजूद इसके अतिक्रमण नहीं हटाया गया। प्रशासन द्वारा माइकिंग कर लोगों को चेतावनी भी दी जा रही थी, लेकिन कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और माइकिंग करने वाले कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया।


सीओ ने कहा कि कई लोगों ने सरकारी जमीन पर अपने घरों का छज्जा, सीढ़ी और दीवार बढ़ाकर कब्जा कर रखा था, जिसे हटाना जरूरी था।