Bihar Crime News: खगड़िया में गुरुवार रात चाकूबाजी की घटना में चाचा-भतीजे की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. भरतखंड थाना क्षेत्र के खजरैठा गांव में दोनों युवकों को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.
मृतकों की पहचान खजरैठा गांव निवासी स्व. विनोद चौधरी के 23 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार और पप्पू चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र अंकुर कुमार के रूप में हुई है. गौरव कुमार रिश्ते में अंकुर के चाचा लगते थे. बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी से पहले हुई इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है.
लेन-देन के विवाद के बाद बढ़ा मामला
परिजनों के अनुसार, गौरव और अंकुर के परिवार का गांव के ही पंकज चौधरी से लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. गुरुवार सुबह दोनों पक्षों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. मामले को शांत कराने के लिए पंचायत भी कराई गई थी, जिसके बाद विवाद खत्म हो गया था.
परिजनों का आरोप है कि शाम होते-होते यही विवाद फिर बढ़ गया और चाकूबाजी की घटना हो गई. इस दौरान गौरव और अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग दोनों को इलाज के लिए परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे.
बेगूसराय ले जाने के दौरान दोनों की मौत
परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया. परिजन दोनों घायलों को लेकर बेगूसराय के लिए रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही अंकुर की मौत हो गई. इसके कुछ देर बाद गौरव ने भी दम तोड़ दिया.
गौरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. वहीं अंकुर की मौत से भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पिता-पुत्र समेत 3 लोग हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंकज चौधरी, उनकी पत्नी और बेटे को हिरासत में लिया है. पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों के साथ-साथ चाकूबाजी में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने बताया कि मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया.
घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि विवाद और हत्या की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी सामने आ सके.
परबत्ता विधायक ने अस्पताल पहुंचकर जताया दुख
डबल मर्डर की जानकारी मिलने के बाद परबत्ता के लोजपा विधायक बाबू लाल शौर्य सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए हत्या की निंदा की और प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की.
विधायक ने कहा कि मामूली विवाद के बाद दो युवकों की जान चली गई. उन्होंने पीड़ित परिवारों को सुरक्षा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की.