KHAGARIA: इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के खगड़िया जिले से आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। नगर थाना क्षेत्र के एसडीओ रोड में बाइक सवार बदमाशों ने पिता और पुत्र को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
घायलों की पहचान सज्जन खेतान और उनके बेटे कन्हैया खेतान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपनी प्लाई की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली मारकर फरार हो गए।
गोली लगने से घायल पिता-पुत्र को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, अब तक गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस बदमाशों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
खगड़िया से अनिश कुमार की रिपोर्ट