Bihar News: बिहार के खगड़िया जिले के गंगौर थाना क्षेत्र के रहने वाले दो युवकों की दिल्ली में गोली मारकर हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों में पाण्डव कुमार और उनका एक मित्र शामिल हैं, जो रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली गए थे। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही निर्दलीय सांसद पप्पू यादव तुरंत सक्रिय हो गए। वे बिना देर किए सीधे पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और हर हाल में न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। पप्पू यादव ने मौके पर ही साफ कहा कि यह सिर्फ दो युवकों की हत्या नहीं, बल्कि बिहार के मेहनतकश लोगों की अस्मिता पर हमला है।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल पर गंभीर आरोप लगे हैं। कहा जा रहा है कि आरोपी ने पहले दोनों युवकों को “बिहारी” कहकर अपमानित किया और गालियां दीं, फिर गोली चला दी। इस घटना में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पप्पू यादव ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और आरोपी हेड कांस्टेबल को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने यहां तक कहा कि ऐसे मामलों में सख्त संदेश देने के लिए कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके।
मौके पर मौजूद लोगों के बीच पप्पू यादव का आक्रोश साफ दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि बाहर काम करने वाले बिहार के लोग लगातार निशाना बन रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक गरीब और मजदूर वर्ग के लोग इस तरह हिंसा का शिकार होते रहेंगे।
इस घटना के बाद पप्पू यादव ने राज्य सरकार पर भी सवाल उठाए और कहा कि बिहार के लोगों की सुरक्षा को लेकर ठोस पहल की जरूरत है। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की बात भी कही और भरोसा दिलाया कि वे इस मामले को अंत तक लड़ेंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह बहस तेज कर दी है कि बाहर जाकर काम करने वाले मजदूरों और युवाओं की सुरक्षा को लेकर किस स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं।