KHAGARIA: बिहार के खगड़िया से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बिहार पुलिस के एक जवान ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना भरतखण्ड सहायक थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव की है। आरोपी जवान की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है, जो गया जी में सिपाही के पद पर तैनात है और छुट्टी लेकर घर आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के दौरान गौतम कुमार ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी श्वेता कुमारी के सीने में गोली मार दी। गोली लगने से श्वेता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया।
वारदात की सूचना मिलते ही एसपी शैलेन्द्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
एसपी के अनुसार, आरोपी गौतम कुमार गया जी में बिहार पुलिस के सिपाही के पद पर तैनात है। वह छुट्टी पर घर आया था। पत्नी की हत्या के बाद से वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।