Bihar Crime News: बिहार के खगड़िया में पुलिस ने एक ऐसे कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जिसके अपराधों की फेहरिस्त दिल्ली से लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है. एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका यह अपराधी जेल से बाहर आने के बाद फिर तीन लोगों की हत्या के मामले में आरोपित बना. अब पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार अपराधी की पहचान खगड़िया जिले के भदास निवासी मिथिलेश महतो के रूप में हुई है. उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था.
बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और खगड़िया जिला पुलिस ने 28/29 नवंबर की रात संयुक्त अभियान चलाकर चौथम थाना क्षेत्र में उसे गिरफ्तार किया. पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान मिथिलेश महतो के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने उसके पास से दो हथियार, आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा, दो मोबाइल, चाकू, हथौड़ा और 17,250 रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया है.
दिल्ली में एक ही परिवार के तीन लोगों की कर चुका है हत्या
मिथिलेश महतो का आपराधिक इतिहास साल 2015 से शुरू होता है. पुलिस के मुताबिक, उसने उत्तर दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में अपने मकान मालिक के एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी थी. मृतकों में 70 वर्षीय चंदू लाल, 65 वर्षीय गुल्लो देवी और 30 वर्षीय राकेश कुमार शामिल थे. तीनों की हत्या धारदार हथियार से गले पर वार कर की गई थी.
इस मामले में सराय रोहिल्ला थाना में कांड संख्या 1144/15 दर्ज किया गया था. मुकदमे में दोषी पाए जाने के बाद मिथिलेश को आजीवन कारावास की सजा हुई थी. करीब नौ साल जेल में रहने के बाद वह उच्च न्यायालय से जमानत पर बाहर आया.
जेल से बाहर आते ही बिहार में फिर किया ट्रिपल मर्डर
दिल्ली में तीन लोगों की हत्या के मामले में सजा काटकर बाहर आने के बाद भी मिथिलेश का आपराधिक सिलसिला नहीं रुका. वर्ष 2024 में खगड़िया के गंगौर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर अजय कुमार साह की हत्या कर उसके शव को जमीन में गाड़ दिया गया था. इस मामले में गंगौर थाना कांड संख्या 521/24 दर्ज हुआ था. पुलिस ने मिथिलेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
इसके बाद जेल से बाहर आने पर जून 2028 में उसने चौथम थाना क्षेत्र में एक और बड़ी वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार, इस बार उसने अपने मकान मालिक के परिवार के तीन लोगों जयकान्त पासवान, पार्वती देवी और रचना कुमारी की हत्या कर दी थी. इस घटना में हथौड़े और धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया था.
10 साल की बच्ची पर भी किया था हमला
चौथम में हुए ट्रिपल मर्डर के दौरान मिथिलेश ने 10 वर्षीय परी कुमारी पर भी जानलेवा हमला किया था. बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई थी, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसकी जान बचा ली. इस घटना के बाद परी कुमारी इस हत्याकांड की चश्मदीद गवाह बन गई.
पुलिस के मुताबिक, इसी मामले का ट्रायल शुरू होने वाला था और मिथिलेश महतो चश्मदीद गवाह परी कुमारी की हत्या करने की योजना बना रहा था. बिहार एसटीएफ को इसकी गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद एसटीएफ और खगड़िया पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे पकड़ने की तैयारी की. इसी दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई और पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
बिहार, दिल्ली और यूपी तक दर्ज हैं हत्या और NDPS के मामले
पुलिस के अनुसार, मिथिलेश महतो के खिलाफ खगड़िया जिले के गंगौर थाना में हत्या का एक और चौथम थाना में हत्या का एक मामला दर्ज है. इसके अलावा दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना में ट्रिपल मर्डर का मामला और उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना में NDPS एक्ट का मामला भी दर्ज है.
पुलिस का कहना है कि वह जेल से बाहर आने के बाद लगातार गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है. फिलहाल मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.