Bihar Police News: बिहार के कटिहार जिले में विधि-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शहरी क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान ड्यूटी से गायब मिले 22 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने अनुपस्थित पाए गए कर्मियों के वेतन भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसपी परिचय कुमार के अनुसार, शहरी क्षेत्र में विशेष वाहन जांच के लिए छह प्रमुख स्थानों को चिन्हित कर पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र और लाठी बल के जवानों की तैनाती की गई थी। 26 सितंबर को वरीय पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) ने इन जांच केंद्रों का औचक निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और ड्यूटी की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान इमली गाछ चौक, सुर तुलसी चौक, दलन चौक और सेमापुर मोड़ समेत अन्य स्थानों पर कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने सअनि गुलाब चन्द्र मंडल, पुअनि कमल राम और सअनि विनोद कुमार समेत कुल 22 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें तीन पुलिस पदाधिकारी और 19 सिपाही शामिल हैं। सभी के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का आदेश दिया गया है।
कार्रवाई की सूची में 11 महिला पुलिसकर्मी, आठ पुरुष जवान और तीन पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। वेतन रोके जाने वाले कर्मियों में कृष्ण नंदन कुमार, आयुष कुमार, प्रेमी कुमारी, ज्योति कुमारी, अभिजित राज, उषा कुमारी, शिवानी कुमारी, राजीव कुमार, भुवनेश्वर कुमार, सिंकी कुमारी, शिम्पी कुमारी, प्रियंका कुमारी, सुमन कुमारी, प्रिति कुमारी, संतोष कुमार, आशा कुमारी राम, संजना कुमारी, प्रिंस कुमार और हरिओम कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि आगामी पर्व-त्योहारों और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को अपने निर्धारित स्थल पर समय से उपस्थित रहने तथा वाहन जांच और गश्ती को पूरी मुस्तैदी से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।