KATIHAR: बिहार के कटिहार से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जो एक दंपती के बीच चल रहे विवाद का है। जहां सिपाही की नौकरी लगते ही पत्नी ने पति और ससुराल वालों से दूरी बना ली। पति ने सिपाही पत्नी पर एक युवक राहुल शर्मा से नजदीकी बढ़ाने का आरोप लगाया है। पति ने पुलिस कप्तान से न्याय की गुहार लगाई है।
मामला कटिहार जिला पुलिस बल में महिला सिपाही के पद पर तैनात प्रतिभा विश्वकर्मा से जुड़ा हुआ है। प्रतिभा के पति हंस लाल ने पत्नी को वापस घर लाने और मामले में काउंसलिंग कराने की गुहार एसपी से लगाई है। पति ने पत्नी पर एक युवक राहुल शर्मा से नजदीकी बढ़ने का आरोप लगाया है।
हंस लाल ने बताया कि प्रतिभा से मुलाकात प्रयागराज में हुई थी। वही दोनों के बीच प्रेम संबंध हुआ और परिवार की सहमति के बाद साल 2022 में उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के समय प्रतिभा नौकरी नहीं करती थीं और आगे पढ़ाई करना चाहती थीं। हंस लाल ने यह भी बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद उन्होंने और उनके पिता परमहंस गुप्ता ने प्रतिभा की पढ़ाई में पूरा सहयोग किया। हंस लाल सब्जी का कारोबार करते थे, जबकि उनके पिता ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाते थे।
बिहार पुलिस में चयन के बाद बनाई दूरी
परिवार की मेहनत के बाद प्रतिभा का चयन बिहार पुलिस में महिला सिपाही के पद पर हुआ। कटिहार के मनसाही थाने में पहली पोस्टिंग मिलने पर परिवार में खुशी का माहौल था। हालांकि, पति का आरोप है कि पुलिस की नौकरी मिलने के बाद प्रतिभा के व्यवहार में बदलाव आया और दोनों के बीच बातचीत कम होने लगी। धीरे-धीरे उनके बीच दूरी बढ़ती गई।
राहुल शर्मा से नजदीकी का आरोप
हंस लाल ने आरोप लगाया कि इसी दौरान प्रतिभा की नजदीकी महेशखूंट निवासी राहुल शर्मा नाम के युवक से बढ़ गई। पति के मुताबिक, जब उन्होंने राहुल के बारे में पूछा तो प्रतिभा ने उसे अपना भाई बताया। हंस लाल का दावा है कि पत्नी के मोबाइल में कथित तौर पर कुछ तस्वीरें और चैट मिलने के बाद उन्हें दोनों के बीच संबंध होने का शक हुआ। इसी बात को लेकर दंपती के बीच विवाद बढ़ गया। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
ससुर बोले- बहू को पढ़ाने में लगा दी पूरी कमाई
इस विवाद में प्रतिभा के ससुर परमहंस गुप्ता की कहानी भी सामने आई है। उनका कहना है कि वह खुद पुलिस की वर्दी पहनना चाहते थे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उनका सपना पूरा नहीं हो सका। उन्होंने ई-रिक्शा चलाकर बहू की पढ़ाई में मदद की, ताकि वह पुलिस में भर्ती होकर उनके अधूरे सपने को पूरा कर सके। अब वह अपने बेटे की शादी और परिवार को बचाने के लिए पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
SP को दिया आवेदन, अब महिला थाना कराएगा काउंसलिंग
हंस लाल और उनके पिता ने कटिहार पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी। हंस लाल ने कटिहार के एसपी परिचय कुमार को लिखित आवेदन देकर काउंसलिंग कराने की मांग की है। एसपी ने मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए महिला थाना के माध्यम से दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच और दोनों पक्षों की काउंसलिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।