KATIHAR: सरकारी स्कूलों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। लेकिन स्कूलों में निगरानी और अनुशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला कटिहार से सामने आया है। 


यहां स्कूल अवधि के दौरान ही छात्र-छात्राएं विद्यालय की चारदीवारी फांदकर घर जाते दिखाई दिए। मामला कटिहार नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 41 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय हवाई अड्डा का है। घटना सामने आने के बाद विद्यालय की निगरानी व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


स्कूल अवधि के दौरान विद्यार्थियों का चारदीवारी फांदकर परिसर से बाहर निकलना कई सवाल खड़े करता है। सवाल यह है कि जब स्कूल में पढ़ाई चल रही होती है, तब बच्चे कक्षा छोड़कर बाहर कैसे निकल रहे हैं? उनकी उपस्थिति और गतिविधियों की निगरानी कौन कर रहा है?


विद्यालय में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी स्कूल प्रशासन और शिक्षकों की होती है। ऐसे में स्कूल की चारदीवारी फांदकर बच्चों के घर जाने का मामला गंभीर है। रास्ते में किसी दुर्घटना या अप्रिय घटना की स्थिति में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जवाबदेही भी तय करनी होगी।


हालांकि, मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले विद्यालय प्रशासन का पक्ष जानना और पूरी घटना की जांच करना जरूरी है। सरकारी स्कूलों में कई शिक्षक बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने और बच्चों की पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए प्रयासरत हैं। ऐसे में विद्यालयों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना भी जरूरी है, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और अभिभावकों का भरोसा बना रहे।


मामले को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल कुमार ने जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और विद्यालय में अनुशासन एवं निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

कटिहार से विनय झा की रिपोर्ट